देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

शराब समझकर पी लिया एसिड, चार लोगों की माैत

भीलवाड़ा, राजस्थान के भीजिले के गंगापुर कस्बे में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. शादी समारोह में साफ-सफाई का काम करने गए 4 लोगों ने कथित रूप से शराब समझकर खाना गर्म करने वाला तरल फ्यूल पी लिया, जिससे 3 महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में 9 और 10 फरवरी को एक शादी समारोह आयोजित हुआ था. मृतक बर्तन साफ करने का ठेका लेकर समारोह में गए थे. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद वे खाना गर्म करने में इस्तेमाल होने वाला तरल फ्यूल अपने साथ घर ले आए.

गुरुवार देर रात उन्होंने उक्त तरल पदार्थ को शराब समझकर पी लिया. कुछ ही देर में सभी की तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तत्काल गंगापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया. एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने चारों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.

भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शादी समारोह से खाना गर्म करने वाला फ्यूल घर ले आए थे, जिसे शराब समझकर पीने से यह हादसा हुआ. मामले की हर एंगल से विस्तृत जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि संबंधित फ्यूल कहां से खरीदा गया था और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था. इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है. वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Author

Related Articles

Back to top button