गहिलगढ़ पश्चिम में जंगली जानवर दिखने से हड़कंप, वन विभाग ने बताया जंगली बिल्ली

सिंगरौली। जिले के ग्राम गहिलगढ़ पश्चिम में एक जंगली जानवर दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में इस जानवर को इंसानी बस्ती के पास घूमते देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
वीडियो सामने आने के बाद कई लोग इस जानवर को तेंदुआ बता रहे थे, जबकि वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिख रहा जानवर तेंदुआ नहीं बल्कि जंगली बिल्ली है।
जंगल सिमटने से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि कोयला खदानों और अन्य गतिविधियों के कारण जंगल लगातार कम हो रहे हैं। इसी वजह से जंगली जानवर भोजन और ठिकाने की तलाश में गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। लोगों को अपने मवेशियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है। हालांकि वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।
विभाग ने बताया जंगली बिल्ली
सोशल मीडिया पर तेंदुए की चर्चा के बीच वन विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा जानवर जंगली बिल्ली है। मध्यप्रदेश वन विभाग के एसडीओ एनके त्रिपाठी ने बताया कि जानवर के आकार और उसके चलने के तरीके के आधार पर इसकी पहचान की गई है। विभाग के अनुसार यह कोई बड़ा शिकारी जानवर नहीं है।
सावधानी बरतने की अपील
एहतियात के तौर पर वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें और किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।













