मध्य प्रदेशसिंगरौली

अंधे मोड़ पर दो बोलेरो की भिड़ंत, दो लोग घायल

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चितावल कला में रविवार दोपहर करीब 2 बजे सड़क दुर्घटना हो गई। गांव के पास एक अंधे मोड़ पर दो बोलेरो वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार एक बोलेरो वाहन खटाई गांव से शाहगंज (उत्तर प्रदेश) बारात लेकर जा रहा था। वहीं दूसरी बोलेरो अमिलिया क्षेत्र से कुंडवसानी धाम की ओर एक बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी।

बताया जा रहा है कि अंधे मोड़ पर अचानक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए। चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।
दुर्घटना में बोलेरो चालक रामभजन को मामूली चोट आई, जबकि बारात में शामिल दुलारे प्रसाद के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल दुलारे प्रसाद को तत्काल उपचार के लिए चितरंगी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी विद्यासारी तिवारी ने बताया कि हादसे में अन्य किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button