चितरंगी पुलिस ने अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर जब्त किया, चालक गिरफ्तार

सिंगरौली। थाना चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेही स्थित महान नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिना नंबर प्लेट के आईसर ट्रैक्टर से रेत लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से अवैध रेत लोड ट्रैक्टर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक अशोक पिता अखिलेश गुर्जर, निवासी ग्राम करथुआ, 14 फरवरी 2026 को महान नदी से अवैध रूप से रेत चोरी कर परिवहन कर रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। आरोपी के खिलाफ अवैध खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार रेही क्षेत्र में रेत लोडिंग कार्य का ठेका राजेंद्र जायसवाल को प्राप्त है, लेकिन क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन एवं बिना वैध दस्तावेजों के बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रैक्टर कृषि उपयोग के लिए पंजीकृत है, लेकिन कथित रूप से इसे व्यावसायिक कार्य में उपयोग कर अवैध रेत परिवहन किया जा रहा था। आरोप है कि बिना टीपी (ट्रांजिट पास) और बिल्टी के ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का परिवहन कराया जा रहा है।इस संबंध में थाना प्रभारी सुधेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण रखने हेतु पुलिस की सक्रियता को स्थानीय स्तर पर सराहा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कार्यों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।













