देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मेक्सिको में भीषण ट्रेन हादसा, 13 यात्रियों की मौत, 98 घायल

नए रेल कॉरिडोर पर तेज मोड़ पर पटरी से उतरी यात्री ट्रेन

मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के दक्षिणी प्रांत ओअक्साका में एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार और घुमावदार मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेन के इंजन सहित कई डिब्बे पलट गए। इस दुर्घटना में 13 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 98 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह ट्रेन उस नए रेल कॉरिडोर पर चल रही थी, जो प्रशांत महासागर के तट को मैक्सिको की खाड़ी से जोड़ता है। इस मार्ग की निगरानी और संचालन मैक्सिकन नौसेना के अधीन है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में करीब 250 यात्री सवार थे, जिनमें नौ कर्मचारी भी शामिल थे।

हादसा चिवेला और निजांडा के बीच एक खतरनाक घुमावदार हिस्से में हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल 36 यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने सोशल मीडिया पर बताया कि पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

ओअक्साका के राज्यपाल सलोमोन जारा ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद विभिन्न सरकारी एजेंसियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। वहीं, देश की अटॉर्नी जनरल अर्नेस्टिना गोदॉय रामोस ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि यह ट्रेन सालिना क्रूज बंदरगाह से अटलांटिक तट तक लगभग 290 किलोमीटर का सफर तय करती है और यह रेलमार्ग मेक्सिको की एक महत्वपूर्ण परिवहन परियोजना माना जाता है।

Author

Related Articles

Back to top button