एआई समिट के दौरान ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा ने साधा निशाना

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतारकर नारेबाजी की, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत सख्त कर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर ली गई।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर दिखाया है कि उनके लिए एआई का अर्थ ‘एंटी-इंडिया’ है, जबकि देश और दुनिया में एआई समिट की सराहना हो रही है।
भाजपा ने इस प्रदर्शन को “नेशनल शेम” करार देते हुए कहा कि जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई समिट की मेजबानी कर रहा है और टेक्नोलॉजी में अपनी नवाचार क्षमता व नेतृत्व को प्रदर्शित कर रहा है, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह रवैया देश की गरिमा के विपरीत है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन देश की वैश्विक छवि को धूमिल करना उचित नहीं है।
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।













