देशभर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की घोषणा, अप्रैल से तीसरे चरण की होगी शुरुआत

नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग ने देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन—SIR) की घोषणा कर दी है। आयोग के सचिव पवन दीवान ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र जारी कर एसआईआर से जुड़ी तैयारियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, तीसरे चरण में दिल्ली और कर्नाटक सहित शेष 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर प्रक्रिया अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। आयोग ने बताया कि पिछले वर्ष 24 जून को पूरे देश में चरणबद्ध तरीके से एसआईआर कराने का निर्णय लिया गया था।
पहले चरण में यह प्रक्रिया बिहार में पूरी की गई थी। दूसरे चरण के तहत 28 अक्टूबर 2025 से 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर जारी है। इनमें उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप शामिल हैं।
इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन किया जा रहा है। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं, जबकि मृत अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। इसके अलावा नाम, पता व अन्य विवरण में पाई जाने वाली त्रुटियों को भी सुधारा जा रहा है।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर फार्म भरवाने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेंगे, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बन सके।













