एनटीपीसी विन्ध्याचल की फ्लाई ऐश पाइपलाइन फटी, मुख्य मार्ग पर फैला मलबा; यातायात बाधित

सिंगरौली।जिले में स्थित देश के सबसे बड़े ताप विद्युत संयंत्रों में से एक एनटीपीसी विंध्याचल की फ्लाई ऐश पाइपलाइन गुरुवार दोपहर अचानक फट गई। हादसे के चलते सैकड़ों टन राख (फ्लाई ऐश) और पानी का मिश्रण तेज दबाव के साथ विंध्यनगर से शक्तिनगर (उत्तर प्रदेश) को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर फैल गया। घटना के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पाइपलाइन फटने से सड़क पर कीचड़ जैसा मलबा जमा हो गया, जिससे मार्ग अत्यधिक फिसलन भरा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क से गुजर रहे कई दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर पड़े और चोटिल हो गए। हालांकि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। मलबे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद एनटीपीसी की तकनीकी और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पाइपलाइन की सप्लाई बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया। सड़क पर फैली फ्लाई ऐश को हटाने के लिए मशीनें लगाई गईं, ताकि फिसलन कम की जा सके और यातायात बहाल हो सके। देर शाम तक सफाई और मरम्मत का कार्य जारी रहा।
स्थानीय वार्ड पार्षद प्रेम सागर ने इस घटना के लिए एनटीपीसी प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि फ्लाई ऐश सप्लाई करने वाली पाइपलाइनें पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन समय पर उनका रखरखाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी लीकेज की घटनाओं से किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, परंतु शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई।













