बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खुटार चौकी के सामने दो घंटे तक ठप रहा यातायात, कार्रवाई के आश्वासन के बाद माने ग्रामीण

सड़क हादसे में हुयी थी युवक की मौत, परिजनों ने किय जोरदार प्रदर्शन

सिंगरौली।जिले के खुटार चौकी क्षेत्र में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने खुटार चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

काम से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान शिव कुमार केवट (31) निवासी पडरी खूटा टोला, माड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह गुरुवार शाम पुताई का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खुटार चौकी के पास करहिया टोला चौराहे पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन समेत फरार हो गया।

मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग
पोस्टमार्टम के बाद जब शुक्रवार सुबह शव परिजनों को सौंपा गया तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर चौकी के सामने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने परसौना-रजमिलान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। उनकी मुख्य मांगें थीं कि अज्ञात वाहन चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

प्रशासन का आश्वासन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और लिखित आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा आरोपी चालक की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की अंत्येष्टि सहायता एवं संबल योजना के तहत लाभ दिलाने का भरोसा दिया गया।प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे से लगा जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button