सतना में साकेत एक्सप्रेस से लापता युवक का शव पांच दिन बाद नदी में मिला शव

सतना में साकेत एक्सप्रेस से लापता युवक का शव मिला, पांच दिन बाद नदी में मिला धीरज पांडेय का शव
सतना। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत सतना में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मुंबई से प्रयागराज जा रही साकेत एक्सप्रेस में सवार एक युवक का शव पांच दिन बाद सतना नदी में मिला। युवक 15 फरवरी को ट्रेन से लापता हो गया था।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज (यूपी) के प्रतापपुर कला निवासी धीरज पांडेय 15 फरवरी को मुंबई से साकेत एक्सप्रेस में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे। निर्धारित समय पर वे अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचे और उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।
साइबर सेल की मदद से खोज, उचेहरा–सतना के बीच मिली लोकेशन
16 फरवरी को धीरज के भाई पवन पांडेय ने चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो उचेहरा से सतना के बीच पाई गई। इसके बाद रेलवे ट्रैक के दोनों ओर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
गुरुवार शाम सतना नदी पर बने रेल पुल के पास पानी में एक शव उतराता दिखाई दिया। सूचना पर एसडीईआरएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया और परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कराई गई। परिजनों ने शव की पहचान धीरज पांडेय के रूप में की।
सोने की चेन और अंगूठी सुरक्षित मिली
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पास से एक सोने की चेन और सोने की अंगूठी बरामद हुई, जिसे परिवार को सुपुर्द कर दिया गया है।
हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जब ट्रेन सतना नदी के पुल से गुजर रही थी, तब गेट के पास खड़े धीरज का संतुलन बिगड़ गया होगा। संभव है कि वे लोहे के एंगल से टकराकर नीचे नदी में गिर गए हों। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है।













