ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

भिंड में बारात से लौट रही बस ने कार को मारी भीषण टक्कर, 5 की मौके पर मौत; 7 घायल

दो घायलों की हालत नाजुक, ग्वालियर रेफर

भिंड।मध्य प्रदेश के भिंड जिले में ग्वालियर हाईवे स्थित नेशनल हाईवे-719 पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात छोड़कर ग्वालियर लौट रही एक तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि कार के उड़े परखच्चे

जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के छीमका के पास हुआ। बस भिंड में बारात छोड़कर वापस ग्वालियर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने चल रही ईको कार से उसकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य

सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

हाईवे पर देर तक लगा जाम

भीषण टक्कर के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button