ननि के वार्ड 40 में धंस गया ड्रेेनेज, फंसा ईंट लोड ट्रेक्टर
घटिया निर्माण कार्य की खुली पोल, घंटो आवागमन रहा बाधित

सिंगरौली।नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 40 में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ईंटों से लदा एक ट्रैक्टर डीएवी रोड पर बने अंडरग्राउंड ड्रेनेज में धंस गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर जैसे ही सड़क से गुजरा, ड्रेनेज का हिस्सा ध्वस्त हो गया और वाहन उसमें समा गया। घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था और वह रिहायशी क्षेत्र की ओर जा रहा था, जिससे इस मामले में और भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम की यह स्थिति चिंताजनक है। यदि छोटी-मोटी गाड़ियों के गुजरने से ही ड्रेनेज धंस रहा है, तो निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह स्वाभाविक है।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 40 को नगर निगम द्वारा “आदर्श वार्ड” के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। ऐसे में जब आदर्श वार्ड में इस तरह की स्थिति सामने आई है, तो अन्य वार्डों में निर्माण कार्यों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।घटना के कारण कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करने की मांग की है।













