छिंदवाड़ा में बस हादसा
पिपरिया से आ रही महाकाल बस रेनीखेड़ा के पास पलटी, 15 यात्री घायल

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के पिपरिया से छिंदवाड़ा आ रही महाकाल बस (क्रमांक एमपी04 पीए 2644) रविवार सुबह करीब 10 बजे रेनीखेड़ा ग्राम के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए।
सूचना मिलते ही माहुलझिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल तामिया अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक का नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस पिपरिया से छिंदवाड़ा की ओर आ रही थी। रेनीखेड़ा के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। उस समय बस में यात्रियों की संख्या अधिक नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तीन की हालत गंभीर
दुर्घटना में कुल 15 लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक दो वर्षीय बच्चे के सिर में भी चोट आई, जिसका उपचार कर स्थिति स्थिर बताई गई है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।













