जबलपुर में तेज रफ्तार एमजी कार का कहर: 5 घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शनिवार 21 फरवरी की देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी एमजी कार ने शहर की सड़कों पर जमकर कहर बरपाया। रात करीब 11:50 से 12 बजे के बीच भंवरताल गार्डन से रसल चौक होते हुए इनकम टैक्स क्षेत्र तक कार ने कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भंवरताल से रसल चौक तक मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार भंवरताल गार्डन क्षेत्र से तेज रफ्तार में निकली और रसल चौक पहुंची। यहां ड्राइवर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में साहिल नामक युवक, पुलिसकर्मी आदित्य और करीब 14 साल का एक किशोर समेत कुल पांच लोग घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।बताया जा रहा है कि कार की चपेट में एक युवती और अन्य राहगीर भी आए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इनकम टैक्स क्षेत्र में कई वाहन क्षतिग्रस्त
कार आगे बढ़ते हुए इनकम टैक्स क्षेत्र में मुन्ना पान के सामने पहुंची, जहां उसने एक कार, सिलेंडर लदे वाहन और अन्य खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। घटना में कम से कम तीन कारें और तीन से चार मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक नियंत्रण नहीं रख सका।
दीवार से टकराकर रुकी कार
अनियंत्रित कार अंततः मिंट पार्क की दीवार से टकराकर रुकी। सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन जब्त कर लिया।ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और चालक की भूमिका की विस्तृत जांच जारी है।













