बेटे के वियोग में महिला हाईटेंशन टावर पर चढ़ी, घंटों चला समझाइश का दौर

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत इटमा गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 50 वर्षीय बबली साकेत अपने बेटे के वियोग में हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। घटना चुनैईया नदी के पास स्थित हाईटेंशन टावर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला का बेटा पिछले तीन महीने से हत्या के आरोप में जिला जेल पचौर में बंद है। बेटे की गिरफ्तारी के बाद से महिला मानसिक रूप से काफी परेशान बताई जा रही थी। सोमवार को अचानक वह गांव से निकलकर नदी किनारे लगे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ राजस्व अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए। सभी लोग महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए मान-मनौव्वल और समझाइश का प्रयास करते रहे।काफी देर तक चले प्रयास के दौरान पुलिस और ग्रामीणों ने संयम बरतते हुए महिला से बातचीत की। समाचार लिखे जाने तक महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी थी।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और ऐसी परिस्थितियों में संयम बनाए रखें।













