Blogदेश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

इथियोपिया में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, वंदे मातरम की गूंज ने बनाया पल ऐतिहासिक

अदीस अबाबा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय इथियोपिया दौरे का दूसरा दिन बेहद खास रहा। इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में पीएम मोदी का भव्य और भावनात्मक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें इथियोपिया के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से भी नवाजा गया।

मंगलवार को प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा आयोजित बैंक्वेट डिनर में पीएम मोदी का स्वागत वंदे मातरम गीत के साथ किया गया। इथियोपियाई संगीतकारों द्वारा प्रस्तुत इस गीत ने माहौल को भावुक कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी संगीत का आनंद लेते हुए तालियां बजाते हैं और कलाकारों की सराहना करते हैं। गौरतलब है कि भारत में इस वर्ष वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने** का उत्सव मनाया जा रहा है, ऐसे में विदेश की धरती पर इस गीत का गाया जाना खास महत्व रखता है।

इस भावुक क्षण का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा,*”कल प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा होस्ट किए गए बैंक्वेट डिनर में इथियोपियाई संगीतकारों ने वंदे मातरम का शानदार गायन किया। यह एक बेहद भावुक पल था, खासकर तब जब हम वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को इथियोपिया पहुंचे थे। यह दौरा प्रधानमंत्री अबी अहमद के आमंत्रण पर हुआ है, जो भारत–इथियोपिया के बढ़ते रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को दर्शाता है। पीएम मोदी के पहुंचते ही दोनों नेताओं के बीच एयरपोर्ट पर अनौपचारिक बातचीत भी हुई।

अदीस अबाबा एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ पारंपरिक कॉफी सेरेमनी में भी हिस्सा लिया। इस पल को साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि यह सेरेमनी इथियोपिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से दर्शाती है।

खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री अबी अहमद अली खुद पीएम मोदी को एयरपोर्ट से होटल तक लेकर गए। इस दौरान उन्होंने उन्हें साइंस म्यूजियम और फ्रेंडशिप पार्क भी दिखाया, जो औपचारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था।

होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। प्रवासी भारतीयों ने भारतीय तिरंगे लहराए, “मोदी मोदी” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए और फूल भेंट किए। पीएम मोदी ने भी प्रवासी भारतीयों से बातचीत कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

इसके बाद पीएम मोदी और प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। होटल में कलाकारों के एक समूह ने बॉलीवुड फिल्म वीर-ज़ारा’ का हिंदी गीत धरती सुनहरा अंबर नीला गाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया, जिसे सुनकर पीएम मोदी बेहद प्रसन्न नजर आए।प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत और इथियोपिया के रिश्तों को नई मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button