नौकरी का झांसा देकर 29 लाख की ठगी, दो सगे भाई गिरफ्तार

सिवनी। सिवनी जिले में बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 29 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवकों को Food Corporation of India (एफसीआई) में नौकरी और सरकारी विभाग में वाहन लगवाने का प्रलोभन दिया था।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर बेरोजगारों से ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
अभिषेक चौरसिया (छीतापार, कुरई), अनिल चौरसिया (मरकावाड़ा, केवलारी) और प्रभात नाग्या (शास्त्री वार्ड, सिवनी) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील शेल्के और उनके बड़े भाई रवि शेल्के ने उन्हें एफसीआई में नौकरी और सरकारी विभाग में वाहन लगवाने का आश्वासन दिया था।
29 लाख से अधिक की धोखाधड़ी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 13 फरवरी 2023 से 16 जून 2025 के बीच फोनपे, नकद और बैंक खातों के जरिए कुल 29,01,030 रुपए लिए। ठगी को अंजाम देने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर पीड़ितों को सौंप दिए गए थे।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर 22 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली सिवनी में संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेहरू रोड, सुभाष वार्ड स्थित निवास से सुनील शेल्के (50) और रवि शेल्के (62) को गिरफ्तार कर लिया।
दस्तावेज और सामग्री बरामद
आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं अन्य युवक भी ठगी का शिकार तो नहीं हुए।













