ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशरीवा

रीवा रेलवे स्टेशन पार्किंग में अवैध वसूली को लेकर हंगामा, पूर्व विधायक धरने पर बैठे

रीवा। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत रीवा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कथित अवैध वसूली को लेकर बुधवार 25 फरवरी की सुबह जमकर हंगामा हुआ। पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ अचानक पार्किंग स्थल पर पहुंच गए और जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

उनके धरने पर बैठते ही पार्किंग ठेकेदार और मौके पर मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। हंगामे की सूचना जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को भी दी गई।

तय दर से अधिक वसूली का आरोप

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पार्किंग में लंबे समय से निर्धारित दरों से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर आम जनता से जबरन पैसे वसूलना पूरी तरह गलत है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उनका कहना था कि रेलवे स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगह पर मनमानी नहीं चल सकती। यदि तय रेट से ज्यादा वसूली की जा रही है, तो यह सीधे तौर पर जनता के साथ अन्याय है।

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

धरने के दौरान पूर्व विधायक ने उस युवक को भी मौके पर बुलाया, जिसका हाथ कथित रूप से मारपीट में टूट गया था। युवक ने आरोप लगाया कि जब उसने ज्यादा पैसे देने का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जिसके दौरान उसका हाथ टूट गया।

“गुंडागर्दी नहीं चलेगी”

सुखेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि रेलवे स्टेशन परिसर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि अवैध वसूली तुरंत बंद नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरने के दौरान समर्थकों ने नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की।

अधिकारियों का आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि अवैध वसूली या मारपीट की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button