कटनी-रीठी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कई घायल

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के अंतर्गत कटनी-रीठी सड़क मार्ग पर बुधवार 25 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रीठी से कटनी की ओर आ रही एक मार्शल गाड़ी की विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मार्शल गाड़ी (क्रमांक एमपी 21 जेडएच 3719) में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मार्शल वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों ही वाहनों के चालकों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय कटनी के लिए रवाना किया गया।
लगा रहा लंबा जाम
हादसे के कारण कटनी-रीठी मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।













