अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, 18 प्रकरण दर्ज
तीन दिनों में 70 लीटर अवैध शराब एवं 300 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त

सिंगरौली। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना के नेतृत्व एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री प्रणय श्रीवास्तव के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विगत तीन दिनों में विभागीय टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्त एवं छापामार कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब का व्यवसाय करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान लगभग 70 लीटर अवैध शराब तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त करीब 300 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
अवैध शराब के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री संतोष यादव, आबकारी उप निरीक्षक नीलिमा मार्को, मुख्य आरक्षक बहादुर सिंह, श्री रामनरेश एवं आलोक सिंह तथा आरक्षक अनुज, धीरू, श्री अमरपाल एवं संध्या का सराहनीय योगदान रहा। जिला प्रशासन के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग द्वारा सघन गश्त एवं प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।













