स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करें – कलेक्टर
समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

सिंगरौली, 2 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की तहसीलवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत चिन्हित सभी पात्र हितग्राहियों की निःशुल्क रजिस्ट्री शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराई जाए। रजिस्ट्री के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर तत्काल संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को अवगत कराएं, ताकि समस्या का शीघ्र निराकरण किया जा सके।
त्योहारों के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों के अवैध भंडारण पर सतत निगरानी रखने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटाखा विक्रेताओं की बैठक आयोजित कर निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बिकने वाली मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग कराएं। प्रमुख बाजारों के साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों तथा दूध, पनीर एवं दही के विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए जाएं। नमूनों का प्रयोगशाला में परीक्षण कराएं तथा जांच में नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। की गई जांच एवं कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। एनसीएल ब्लॉक-बी में स्थानीय नागरिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिए कि एनसीएल एवं उसकी अधीनस्थ कंपनियों में होने वाली भर्तियां जिला प्रशासन की निगरानी में कराई जाएं। भर्ती प्रक्रिया में 70 प्रतिशत स्थानीय नागरिकों को प्राथमिकता देते हुए उनका चयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कंपनियों में भर्ती किए गए अभ्यर्थियों की सूची का अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सत्यापन भी कराया जाए।
कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन समिति को निर्देश दिए कि समिति की बैठक आयोजित कर विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन का मेन्यू निर्धारित किया जाए। मेन्यू तैयार करते समय क्षेत्रीय व्यंजनों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पीएम पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समिति के सदस्यों सहित संबंधित अधिकारियों की पीएम पोषण आईडी बनाने तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले में निर्धारित प्रसव केंद्रों पर एएनएम के रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम राहत योजना का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए निजी चिकित्सालयों को भी योजना में शामिल करने तथा योजना के सफल संचालन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा। छात्रावासों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निरीक्षण के लिए जिम्मेदारी सौंपे गए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर छात्रावासों का निरीक्षण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक को 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को कन्या शिक्षा परिसर बरगवां में नवीन जल स्रोत का चयन कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों से संबंधित शिकायतों का एल-1 स्तर पर ही प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। 100, 200 एवं 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें अनअटेंड पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम देवसर श्री शिशिर श्रीकृष्ण श्रीराम, संयुक्त कलेक्टर श्री प्रशांत मिश्रा, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, एसडीएम चितरंगी श्री देवेंद्र द्विवेदी, एसडीएम माड़ा श्री नंदन तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर श्री सौरभ मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, डीपीसी श्री आर.एल. शुक्ला तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री टी.एस. बरकड़े सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे। के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।













