सीधी
सीधी: छुहिया घाटी में टला बड़ा हादसा : बाल-बाल बचे यात्री…

सीधी: छुहिया घाटी में टला बड़ा हादसा : बाल-बाल बचे यात्री…
सीधी पोल खोल पोस्ट
जिले की छुहिया घाटी में बुधवार को बड़ा सडक़ हादसा टल गया। रीवा से रामपुर नैकिन जा रही तिवारी कंपनी की बस बेकाबू होकर खाई में गिरने से बाल-बाल बची और बस में सवार 29 यात्रियों में पांच यात्री मामूली रूप से घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में घाटी के ढ़लान पर उतर रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस खाई की ओर लुढक़ने लगी लेकिन सडक़ किनारे खड़े एक सागौन के पेड़ ने बस को थाम लिया। पेड़ से टकराकर बस खाई में गिरने से रुक गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि पेड़ न होता तो बस सीधे गहरी खाई में जा सकती थी और बड़ा जनहानि की आशंका थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। स्वास्थ्य अधिकारी राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि घायलों को सिर और आंख में हल्की चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि बस नियंत्रण खोने के बाद सडक़ किनारे झुक गई थी, लेकिन चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर बस को संभाल लिया। उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और चालक को आगे से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दी गई है।













