बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

दमोह में दिल दहला देने वाली वारदात: 16 वर्षीय किशोर की हत्या के बाद मांस खाने और खून पीने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे आरोपी ने 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ वीभत्स हरकत करते हुए उसके शरीर से मांस निकालकर खाने और खून पीने जैसा अमानवीय कृत्य किया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा अपनी बहन तमन्ना के घर समन्ना गांव भाईदूज का टीका लगवाने आया था। टीका लगवाने के बाद वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही गुड्डा पटैल ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से भरत के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी पास से लोहे का हथौड़ा लाया और उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने किशोर के सिर से मांस निकालकर खाया और हाथों में खून भरकर पी लिया। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जब लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह भागकर गांव के पास एक खेत में छिप गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी कर दी। इस दौरान गुस्साए ग्रामीण आरोपी को मारने के लिए पथराव करने लगे। भीड़ के उग्र होने पर पुलिस को भी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। आरोपी भी खेत से ग्रामीणों और पुलिस पर पत्थर फेंक रहा था और पास आने वालों पर लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश कर रहा था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में किया और भीड़ से बचाते हुए उसे वाहन में बैठाकर थाने ले गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी गुड्डा पटैल पहले भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि कुछ वर्ष पहले आरोपी ने अपनी पत्नी की गर्दन काटकर हत्या कर दी थी, जिसके मामले में उसे जेल हुई थी। हाल ही में जेल से छूटने के बाद उसने फिर इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद से समन्ना गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button