दयोदय एक्सप्रेस में टीटीई का हाई-वोल्टेज ड्रामा: बिना टिकट यात्री को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल

जबलपुर। जबलपुर से अजमेर जा रही गाड़ी संख्या 12181 दयोदय एक्सप्रेस में गुरुवार 5 मार्च को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कोटा मंडल के एक टीटीई द्वारा बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे रेलवे प्रशासन में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना ट्रेन के जयपुर पहुंचने से कुछ समय पहले जनरल कोच में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टीटीई चेकिंग के दौरान दो यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा था। नियम के अनुसार टीटीई ने उनसे जुर्माना भरने को कहा, लेकिन यात्रियों ने जुर्माना भरने के बजाय टीटीई को 200 रुपये देकर मामला खत्म करने की कोशिश की।
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और आवेश में आकर टीटीई ने एक यात्री को जोरदार थप्पड़ मार दिया। ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री टीटीई को 200 रुपये देने की कोशिश कर रहे हैं और उसी दौरान टीटीई उन्हें थप्पड़ मार देता है। इसके बाद यात्रियों ने इस व्यवहार की शिकायत कोटा मंडल के अधिकारियों से की।
रेलवे प्रशासन का पक्ष
मामले में कोटा मंडल रेल प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि दोनों यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। जब उनसे नियमानुसार जुर्माना भरने को कहा गया तो उन्होंने टीटीई को 200 रुपये रिश्वत देने की कोशिश की। इसी बात से नाराज होकर टीटीई ने आपा खो दिया और यात्री के साथ हाथापाई कर दी।
हालांकि यात्रियों की गलती के बावजूद किसी रेलकर्मी द्वारा यात्री पर हाथ उठाना सेवा नियमों के खिलाफ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संबंधित टीटीई के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।













