कटनी में आरपीएफ-जीआरपी जवानों पर मारपीट का आरोप, थाने में पहुंचकर स्थानीय लोगों ने किया हंगामा

जबलपुर/कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के जवानों पर स्थानीय लोगों से मारपीट करने का आरोप लगा है। बैलट घाट क्षेत्र की महिलाओं और रहवासियों ने आरोप लगाया कि जवान नशे की हालत में आए और लोगों के साथ मारपीट की। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। घटना की जानकारी जबलपुर स्थित रेल एसपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेज दी गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह घटना गुरुवार 5 मार्च की देर शाम की है। बस्ती के पास एक पेड़ के नीचे कुछ युवक बैठे थे। इसी दौरान आरपीएफ और जीआरपी के दो जवान वहां पहुंचे, जिसके बाद युवकों और जवानों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि शुरुआती विवाद के बाद दोनों जवान वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद आरपीएफ और जीआरपी के सात से आठ जवान दोबारा मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बाद जवानों ने बस्ती के लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक को पीटा गया और उसे बचाने पहुंची उसकी बहन को भी चोटें आईं। रहवासियों का आरोप है कि जवान आरोपियों की तलाश में घरों में घुस गए और वहां भी लोगों से मारपीट की।
थाने में पहुंचकर किया हंगामा
घटना के बाद करीब पचास से अधिक स्थानीय लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। वहीं झड़प के दौरान एक आरपीएफ/जीआरपी जवान के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।













