बरगी डेम में डूबे युवक का दो दिन बाद मिला शव, होली खेलने के बाद दोस्तों संग गया था नहाने

जबलपुर। नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में डूबे युवक का शव दो दिन बाद शुक्रवार 6 मार्च की सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान बरगी नगर जैन मंदिर के पास रहने वाले शैलेष नेमा (27) के रूप में हुई है। वह बुधवार को होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ डेम में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से वह डूब गया था।
बरगी नगर पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ गया था डेम
जानकारी के अनुसार शैलेष नेमा बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। वह अपने दोस्तों रोहन कोइराला और सागर के साथ बरगी नगर में होली खेल रहा था। इसके बाद तीनों बरगी नगर चौक में बैठे और वहीं से डेम में नहाने जाने का प्लान बनाया। तीनों युवक बाइक से बरगी डेम के जीरो पॉइंट पहुंचे और वहां पानी में उतर गए।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
रोहन कोइराला के मुताबिक वह डेम किनारे बैठा हुआ था, तभी शैलेष पानी में चला गया और अचानक उसने आवाज लगाई—“रोहन बचाओ।” पहले उसे लगा कि वह मजाक कर रहा है, क्योंकि शैलेष को तैरना आता था। लेकिन कुछ ही देर में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
बचाने की कोशिश के बाद भी नहीं बच सकी जान
रोहन ने बताया कि उसने डेम के ऊपर जाकर लोगों से मदद मांगी। पास में मौजूद एक युवक पानी में उतरा और करीब 10 मिनट तक शैलेष को पकड़कर बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन थक जाने के कारण उसे छोड़ना पड़ा और शैलेष गहरे पानी में डूब गया। रोहन ने पुलिस को बताया कि उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह पानी में नहीं उतर सका।
चेतावनी के बावजूद उतरे थे पानी में
पुलिस के अनुसार तीनों युवक डेम के उस जीरो पॉइंट तक पहुंच गए थे, जहां डेम प्रबंधन ने गेट पार न करने की चेतावनी दी हुई है। इसके बावजूद वे करीब 40 फीट आगे जाकर पानी में उतर गए। डेम प्रबंधन ने पहले से ही इस क्षेत्र में अधिक गहराई होने के कारण वहां जाने से मना किया हुआ है। फिलहाल पुलिस ने दोनों दोस्तों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।













