ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नाली में धंसा हाईवा, सवारी सहित ऑटो चालक बाल-बाल बचा — विश्रामगह रोड पर लगा जाम

सिंगरौली/देवसर शुक्रवार 6 मार्च को राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे विश्रामगह रोड पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार क्रेशर से भस्सी (गिट्टी) लोड कर जा रहा हाईवा वाहन सड़क किनारे नल-जल योजना के तहत बनी नाली में टायर धंस जाने के कारण अचानक फंस गया।

बताया जा रहा है कि हाईवा वाहन क्रमांक UP64BT 0767 विश्रामगह रोड से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे बनी नाली में उसका टायर धंस गया। उसी दौरान पास से गुजर रहा एक ऑटो वाहन, जिसमें सवारियां बैठी थीं, भी खतरे की जद में आ गया। हालांकि गनीमत रही कि ऑटो चालक और उसमें बैठे यात्री बाल-बाल बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हाईवा के नाली में फंसने के कारण विश्रामगह रोड पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीन मंगाई गई, जिसके माध्यम से हाईवा को निकालकर रास्ता बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्य तो किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की जान-माल को खतरा बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Author

Related Articles

Back to top button