अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर खड़िया क्षेत्र में महिला सम्मान कार्यक्रम आयोजित

सिंगरौली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ बीना के तत्वावधान में खड़िया क्षेत्र के अंतर्गत राजकिशन कॉलोनी में सीएचपी खड़िया के समीप एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खड़िया क्षेत्र में कार्यरत संविदा महिला श्रमिकों, राजकिशन कॉलोनी की महिलाओं तथा ग्रामीण बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री मनोज कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला श्रमिकों के श्रम, समर्पण, साहस और त्याग की सराहना करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षित होगी तो पूरा परिवार शिक्षित होगा और महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
संगठन के सचिव अमित कुमार यादव ने भी महिला श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए संगठन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष राजा विजय मिंज, उपाध्यक्ष राजकुमार मौर्य, उप सचिव पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, किशन यादव तथा आशीष मिश्रा सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में अध्यक्ष राजा विजय मिंज ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।













