वन परिक्षेत्र करथुआ की बड़ी कार्रवाई, मोर का शिकार करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। वन परिक्षेत्र करथुआ की टीम ने वन्यजीव संरक्षण के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोर के अवैध शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह दस दिनों के भीतर वन विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले सांभर के शिकार के मामले में भी कार्रवाई की गई थी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी करथुआ दिव्यांशु सिंह ने बताया कि 7 मार्च 2026 को वन्यजीव मोर (मादा) के अवैध शिकार से संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के एक दिन के भीतर ही शिकार में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हिन्छलाल केवट (68), रज्जू केवट (51) और सुरेंद्र उर्फ लाला केवट (27) निवासी ग्राम धानी शामिल हैं। तीनों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 51 और 52 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय देवसर में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया। वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के साथ ही वन्यजीव संरक्षण के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है।













