12 घंटे में चोरी का खुलासा, स्वैप मशीन व नगदी के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई चोरी की घटना का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्वैप मशीन और नगद धनराशि बरामद की है।
पुलिस के अनुसार काशी मोड़ के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से स्वैप मशीन, नगद धनराशि और शराब की बोतल चोरी हो गई थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई थी। इस मामले में थाना अनपरा में मुकदमा संख्या 47/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हाथी पार्क, अनपरा कॉलोनी के पास से आरोपी वीरेन्द्र प्रताप चौहान (33) निवासी अनपरा कॉलोनी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनपरा तापीय परियोजना में कार्यरत है, लेकिन निलंबित चल रहा है। नशे की लत और कर्ज के कारण उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कांस्टेबल रमेश गौड़ और कांस्टेबल शशिभूषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













