बहराइच मेले में जलपरी शो का टैंक फटा, 4 बच्चों समेत 15 घायल; कांच के टुकड़े सिर और चेहरे में धंसे

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में उर्स मेले के दौरान जलपरी शो का पानी से भरा टैंक अचानक फटने से बड़ा हादसा हो गया। टैंक फटते ही करीब 20 हजार लीटर पानी तेज बहाव के साथ बाहर निकला और दबाव के कारण कांच की दीवार टूट गई। हादसे में 4 बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। कांच के टुकड़े कई लोगों के सिर और चेहरे में धंस गए। घायलों में एक जलपरी भी शामिल है।
घटना सोमवार रात करीब 9 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर फखरपुर क्षेत्र के खालिदपुर गांव में आयोजित दादा मियां के उर्स मेले की है। हादसे के समय शो चल रहा था और वहां दर्शक मौजूद थे। टैंक फटने के बाद अचानक पानी का तेज बहाव निकला, जिससे मेले में अफरा-तफरी मच गई। कुछ बच्चे पानी के बहाव में कई मीटर तक बह गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से गंभीर रूप से घायल 2 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायलों में अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। इन बच्चों को सिर और चेहरे पर कांच के टुकड़े लगने से गंभीर चोटें आई हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में टैंक में पानी का दबाव अधिक होने के कारण उसके फटने की बात सामने आई है। पुलिस ने मेला कमेटी के अध्यक्ष और जलपरी शो के संचालक समेत 4 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया गया है कि खालिदपुर गांव में हर साल नवंबर में दादा मियां के उर्स के अवसर पर 3 दिवसीय मेला आयोजित होता है। इस वर्ष पहली बार मेले में जलपरी शो लगाया गया था। शो में एक युवती मछली जैसी पोशाक पहनकर पानी से भरे टैंक में करतब दिखाती थी। टैंक करीब 20 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा था, जिसमें लगभग 20 हजार लीटर पानी भरा हुआ था। टैंक के बाहर कांच की दीवार लगाई गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दर्शक टिकट लेकर शो देख रहे थे। इसी दौरान जलपरी के करतब दिखाते समय अचानक तेज आवाज के साथ टैंक फट गया। हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













