बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपाल

भोपाल में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या का संदेह, मां-पत्नी और दो बच्चों की मौत के बाद युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान

 

भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि 35 वर्षीय नरेंद्र साहू ने अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद खुद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में कुल 5 लोगों की मौत हुई है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है।

घटना गौर मैरिज गार्डन के पास स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की है। यहां नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के शव मिले। चारों के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं।

शुरुआत में पुलिस मामले को सामूहिक आत्महत्या से जोड़कर देख रही थी, लेकिन घटनास्थल की जांच और परिस्थितियों के आधार पर हत्या की आशंका सामने आई। इसी बीच सुखिया सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां इलाके में रेलवे ट्रैक पर नरेंद्र साहू का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, युवक ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर जान दी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। नरेंद्र की मौत से जुड़े घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है।

हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नरेंद्र साहू ने कथित तौर पर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button