बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

गाली-गलौज का विरोध करने पर परिवार पर चाकुओं से हमला, पिता-बेटी समेत 4 घायल; युवती की हालत गंभीर

जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर गुप्तेश्वर में सोमवार रात गाली-गलौज करने से रोकने पर तीन युवकों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर चाकुओं से हमला कर दिया। वारदात में पिता, बेटी और दो बेटे घायल हो गए। युवती के सीने में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक घर के बाहर खड़े होकर आपस में तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। काफी देर तक हंगामा जारी रहने पर बनारसी लाल गुप्ता घर से बाहर आए। उन्होंने युवकों को समझाते हुए गाली-गलौज बंद करने और अपने घर जाने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर तीनों युवकों ने बनारसी लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पिता के साथ मारपीट होते देख उनकी बेटी काजल और बेटे मोहित व मनीष बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान तीनों हमलावरों ने चाकुओं से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। बनारसी लाल के पेट में चाकू लगा, जबकि काजल के सीने पर वार किया गया। मोहित के पैर और मनीष के हाथ में चाकू से चोट आई।

हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, काजल की हालत गंभीर बनी हुई है। बनारसी लाल को भी गंभीर चोटें आई हैं।

गोरखपुर थाना पुलिस ने कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसपी पल्लवी शुक्ला के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। मामूली विवाद के बाद एक परिवार पर हुए इस हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button