अभिनेता तुषार कपूर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी धमकी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए हैरी बॉक्सर का नाम लिया। धमकी मिलने के बाद अभिनेता ने तत्काल मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाले की पहचान को लेकर संदेह सामने आया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने कॉल में सुनाई देने वाली आवाज का मिलान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से कराया। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने और उनसे रकम वसूलने की कोशिश की हो।
मामले की जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा फोन कहां से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल इनपुट की भी पड़ताल की जा रही है।
हालांकि, आवाज के मिलान में समानता नहीं मिलने के आधार पर पुलिस ने अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति का हैरी बॉक्सर या लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है अथवा उसने केवल गैंग के नाम का इस्तेमाल कर धमकी दी थी।













