आजमगढ़ में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर का लिंटर ढहा, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर की छत (लिंटर) की ढलाई के दौरान अचानक ढांचा भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे में कई मजदूरों और अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबे से निकाले गए कम से कम 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना कंधरापुर कोतवाली क्षेत्र में देवखरी भंवरनाथ मंदिर के पास की है। यहां नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार को छत की ढलाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक लिंटर नीचे आ गिरा। हादसे के समय निर्माण स्थल पर मजदूरों सहित अन्य लोग मौजूद थे।
लिंटर गिरते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल विभाग की गाड़ियां और राहत दल मौके पर बुलाए गए। मलबा हटाने के लिए जरूरी उपकरणों की मदद ली जा रही है, ताकि उसके नीचे फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
मलबे से निकाले गए घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे 2 लोगों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों के परिजन परेशान नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी में लिंटर गिरने के पीछे भारी वजन और तकनीकी खामी की आशंका जताई गई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालना और घायलों को उपचार उपलब्ध कराना है।













