देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात मुरासु, 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

 

चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु मंगलवार सुबह आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकरा गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, तूफान ने नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के नजदीक सुबह करीब 3:30 से 5:30 बजे के बीच तट पार किया। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।

तूफान के तट पार करने के बाद इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मुरासु मंगलवार दोपहर तक कमजोर होकर चक्रवाती तूफान और रात तक गहरे अवदाब में बदल सकता है। हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। निचले इलाकों में जलभराव और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।

मुख्यमंत्री ने रद्द किया दिल्ली दौरा

चक्रवात की आशंका को देखते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत और बचाव की तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने प्रभावित जिलों में पहले से जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपना प्रस्तावित दिल्ली दौरा भी रद्द कर दिया था।

तमिलनाडु, ओडिशा और तेलंगाना में भी असर

चक्रवात का प्रभाव आंध्र प्रदेश के अलावा तमिलनाडु, ओडिशा और तेलंगाना में भी पड़ने की आशंका है। तमिलनाडु के चेन्नई और तिरुवल्लूर में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते 2 नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए थे। चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट, वेल्लोर और नीलगिरी में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी।

ओडिशा के दक्षिणी जिलों में 3 और 4 नवंबर को बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। वहीं तेलंगाना के खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबनगर, नागरकर्नूल और वानापर्थी में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। कुछ अन्य जिलों में येलो अलर्ट भी घोषित किया गया।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

चक्रवात के मद्देनजर तटीय इलाकों में राहत एवं बचाव दलों को तैनात किया गया है। लोगों से समुद्र में नहीं जाने, निचले इलाकों से दूर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने तटवर्ती क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर निगरानी जारी रखी है।

Author

Related Articles

Back to top button