चितरंगी को बड़ी सौगात: राज्यमंत्री राधा सिंह के प्रयासों से व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड के नए पदों को मिली मंजूरी

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के चितरंगी विधानसभा क्षेत्र को न्यायिक व्यवस्था के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। स्थानीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप चितरंगी में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड (सिविल जज जूनियर डिवीजन) के पद को उनके अमले सहित सृजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
लंबे समय से अधिवक्ता संघ तहसील चितरंगी द्वारा क्षेत्र में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी। राज्यमंत्री राधा सिंह ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से पक्ष रखा। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप अब चितरंगी में न्यायिक पदों के सृजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
इन पदों का होगा सृजन
न्यायिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कुल 07 पदों के सृजन का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है, जिनमें –
व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड – 01
रीडर टू सिविल जज जूनियर डिवीजन – 01
एक्जीक्यूशन क्लर्क – 01
स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 – 01
डिपोजिशन राइटर – 01
प्रोसेस राइटर – 01
कोर्ट प्यून (चतुर्थ श्रेणी) – 01
क्षेत्रवासियों को मिलेगा सीधा लाभ
इन पदों के सृजन से अब चितरंगी क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए दूर-दराज के न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर न्यायाधीश और कर्मचारियों की नियुक्ति से मामलों के निपटारे में तेजी आएगी और आम लोगों को न्याय मिलने की प्रक्रिया सरल व सुलभ होगी।इस उपलब्धि पर अधिवक्ता संघ चितरंगी सहित क्षेत्र की जनता ने राज्यमंत्री राधा सिंह एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।













