कलेक्टर ने माड़ा, अमिलिया व मकरोहर तहसीलदार कोर्ट का किया निरीक्षण, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

सिंगरौली, । कलेक्टर गौरव बैनल ने मंगलवार को तहसीलदार कोर्ट माड़ा, अमिलिया और मकरोहर का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोर्ट में लंबित मामलों की नस्तियों और प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया।
माड़ा राजस्व सर्किल न्यायालय में निर्धारित समय पर प्रकरण दर्ज न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और वर्तमान रीडर को फटकार लगाते हुए तहसीलदार जान्हवी शुक्ला को निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों को दर्ज कर सात दिन के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि माड़ा सर्किल में पूर्व प्रभारी तहसीलदार सुनील दत्त मिश्रा के कार्यकाल में कई महीनों तक प्रकरण दर्ज नहीं किए गए थे और सीमांकन व बेदखली जैसे मामलों में सुनवाई नहीं हुई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार और रीडर जगजाहिर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने मकरोहर सर्किल न्यायालय का निरीक्षण किया। यहां सीमांकन के कई प्रकरण एक वर्ष से अधिक समय से लंबित पाए गए। इस पर तहसीलदार प्रतीक्षा सिंह और कोर्ट रीडर सौरभ सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अमिलिया राजस्व न्यायालय का भी निरीक्षण कर प्रकरणों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों को सप्ताह में निर्धारित दिन कोर्ट संचालित करने, लंबित प्रकरणों का निपटारा कर आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज करने तथा सीमांकन, बंटवारा, बेदखली और सीएम हेल्पलाइन से जुड़े मामलों का समयसीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचे आवेदकों और अधिवक्ताओं से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि राजस्व मामलों की नियमित सुनवाई कर उनका समय पर निराकरण किया जाएगा।













