पत्रकारिता की धौंस देकर अवैध वसूली करने वाले धराये

जबलपुर. एमपी के जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने वाले तथाकथित पत्रकार बनने वाले प्रवीण सिंह और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है. शिकायतकर्ता डॉ. अमित खरे की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार 10 मार्च की देर रात यह कार्रवाई की, पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन व एक निजी न्यूज चैनल की आर्ईडी भी जब्त की है.
शिकायत के मुताबिक आरोपी खुद को एक निजी चैनल का रिपोर्टर बताकर डॉ. अमित खरे से 37 लाख रुपए की मांग कर रहे थे. आरोपियों ने धमकी दी थी कि एक लड़की उनके खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने वाली है. अमित खरे ने पुलिस को बताया कि 27 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक वॉट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रवीण सिंह बताया और कहा कि वह उनके दोस्त अभिषेक पांडे को जानता है. इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी. 28 फरवरी को प्रवीण सिंह ने फिर कॉल कर बताया कि एक लड़की उनके खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रही है. उसने यह भी कहा कि वह इस एफआईआर को रुकवा सकता है.
सौदेबाजी में 37 लाख से घटाकर 10 लाख तक पहुंची
1 मार्च को आरोपी ने फिर कॉल कर कहा कि लड़की नागपुर से आने वाली है. बचना है तो 37 लाख रुपए की व्यवस्था कर लो. बाद में बातचीत के दौरान उसने रकम 25 लाख और फिर 10 लाख रुपए तक कर दी.
कछपुरा ब्रिज पर रुपए लेने पहुंचते ही पुलिस ने की कार्रवाई
9 मार्च को फिर से कॉल कर आरोपी ने 10 लाख रुपए की मांग की और शुक्रवार तक का समय दिया. मंगलवार शाम को बातचीत के दौरान कछपुरा ब्रिज पर मिलने की बात तय हुई. रात करीब 9 बजे अमित खरे रुपए देने पहुंचे. जैसे ही अमित खरे ने रुपए से भरा बैग प्रवीण सिंह को दिया, पहले से मौजूद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया. आरोपी स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे थे.
स्कॉर्पियो से माइक आईडी और शराब की बोतल मिली
पुलिस को आरोपियों की स्कॉर्पियो से एक न्यूज चैनल की माइक आईडी और शराब की बोतल भी मिली है. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी खुद को रिपोर्टर बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था.
शहर से बाहर की गैंग का दावा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह काम उसने शहर से बाहर की एक गैंग के कहने पर किया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है. संजीवनी नगर थाना पुलिस ने प्रवीण सिंह और उसके दो साथियों के खिलाफ धारा 308(1), 308(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी के अनुसार पुलिस उस लड़की की भी तलाश कर रही है, जिसका जिक्र आरोपी बार-बार कर रहा था.













