दो बच्चों को कुएँ मे फेक कर ट्रैन के आगे कुदी महिला तीनो की मौत

चित्तौडग़ढ़. राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ में महिला अपने दो बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद ट्रेन के आगे कूद गई. ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया. गांव के कुएं से देर रात दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कपासन उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है. मामला जिले के कपासन थाना क्षेत्र के काछियाखेड़ी गांव में मंगलवार शाम करीब 7 बजे का है.
रेलवे पुलिया के पास महिला का शव मिला
कपासन थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया- 7 बजे सूचना मिली थी कि काछियाखेड़ी रेलवे पुलिया के पास एक महिला उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई. जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था. सिर धड़ से अलग हो चुका था. जिससे महिला की पहचान नहीं हो पा रही थी. शव को कपासन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया. शव के शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए.
कुएं में मिले दो बच्चों के शव
इस दौरान जानकारी मिली कि काछियाखेड़ी गांव से एक महिला अणछी (25) पत्नी पारस कच्छवा अपने दो बच्चों सोनू (5) और मोनू (4 महीने) के साथ लापता हो गई. पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की. रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि गांव में एक कुएं में दो बच्चों के शव देखे गए हैं. कपासन थाने के एएसआई उदयलाल सुखवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए. रात करीब 10 बजे दोनों शवों को कपासन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हरजी लाल यादव और थानाधिकारी सुनील शर्मा भी उप जिला अस्पताल पहुंचे. ग्रामीण और परिजनों ने महिला और दोनों बच्चों की पहचान की.













