नवानगर पुलिस की अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई, ट्रैक्टर समेत रेत जब्त

सिंगरौली। जिले में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नवानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर सहित अवैध रेत जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को थाना नवानगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जरहा की ओर से एक नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत लोड कर कन्वेयर बेल्ट नौगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक इन्द्रेश कुमार शाह (20) पिता राजेश कुमार शाह निवासी बेलबार थाना लंघाडोल जिला सिंगरौली द्वारा अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाया गया। पुलिस ने नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर (डीआई-35 सोनालिका इंटरनेशनल) अवैध रेत के साथ जब्त कर लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना नवानगर में अपराध क्रमांक 0045/2026 के तहत धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवानगर निरीक्षक डॉ. अनिल कुमार पटेल, उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक डॉ. अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक मोहित सिंह, प्रधान आरक्षक प्रवीण सिंह, आरक्षक दिलीप धाकड़, आरक्षक विकास तोमर और आरक्षक अमृत राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।













