अंधविश्वास में 75 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या, झाड़-फूंक के बहाने ले जाकर गला घोंटा; दो आरोपी गिरफ्तार

बरगवां (सिंगरौली)। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम उज्जैनी में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों ने ‘जादू-टोना’ के शक में 75 वर्षीय जोखन उर्फ सूरे कोल की हत्या कर शव को दूसरे जिले में फेंक दिया था।
जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को उज्जैनी निवासी जोखन कोल अचानक घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने 22 फरवरी को बरगवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति अर्जुन कोल ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के कुछ युवक शराब के नशे में जोखन कोल की हत्या करने की बात कर रहे थे।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी बृजेन्द्र उर्फ बजरंगी यादव (24) को शक था कि जोखन कोल उस पर जादू-टोना करता है, जिससे उसकी तबीयत खराब रहती है। इसी अंधविश्वास के चलते उसने अपने साथियों सिपाहीलाल साकेत और अनूप जायसवाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
19 फरवरी की रात आरोपियों ने बोलेरो वाहन किराए पर लिया और झाड़-फूंक कराने के बहाने बुजुर्ग को घर से बुला लिया। आरोपियों ने पहले उन्हें अत्यधिक शराब पिलाई और फिर रीवा जिले के गोविन्दगढ़ क्षेत्र स्थित छुहिया घाटी ले जाकर सुनसान स्थान पर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पुलिया के नीचे छिपाकर फरार हो गए ताकि जंगली जानवर शव को खा जाएं और मामला दब जाए।
आरोपियों की निशानदेही पर 11 मार्च को एफएसएल टीम की मौजूदगी में पुलिस ने छुहिया घाटी से सड़ा-गला शव बरामद किया, जिसकी पहचान कपड़ों और जूतों के आधार पर की गई।
पुलिस ने बृजेन्द्र उर्फ बजरंगी यादव और सिपाहीलाल साकेत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अनूप जायसवाल फरार है, जिसके हैदराबाद भागने की आशंका जताई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1), 140(3), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में निरीक्षक मो. समीर, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विपिन तोमर, आरक्षक फूल सिंह, अनूप मिश्रा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पोस्टमार्टम रीवा मेडिकल कॉलेज में कराया गया है और मामले की जांच जारी है।













