Hardik Pandya पर तिरंगे के कथित अपमान का आरोप, शिकायत दर्ज

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर Hardik Pandya एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। टी20 विश्व कप 2026 में भारत की जीत के जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान के आरोप में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस घटना से देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव नगला नंदू निवासी अधिवक्ता विश्वप्रताप सिंह राणा ने पुलिस अधीक्षक और केंद्रीय गृह मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर पांड्या के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की जीत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पांड्या कथित तौर पर एक महिला के साथ राष्ट्रीय ध्वज ओढ़े हुए आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। अधिवक्ता का आरोप है कि यह कृत्य राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की गहन जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी दर्ज हो चुकी है शिकायत
इससे पहले भी पांड्या के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर क्रिकेटर के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की थी। यह शिकायत पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है, जिसमें पुलिस से पांड्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अपील की गई है।
वायरल वीडियो के आधार पर आरोप
शिकायत के अनुसार, भारत की जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें पांड्या को कंधे पर तिरंगा लपेटकर मैदान पर दौड़ते और जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक वीडियो में पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई देते हैं, जबकि उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा लिपटा हुआ था।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ इस तरह का व्यवहार उसकी गरिमा और सम्मान के खिलाफ है, इसलिए मामले में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, इस पूरे विवाद को लेकर अभी तक पांड्या या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













