जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार, अफवाहों पर ध्यान न दें – कलेक्टर

सिंगरौली। मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के तहत कलेक्टर Gaurav Bainal ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि गैस सिलेंडर की घबराहट में बुकिंग (पैनिक बुकिंग) न करें और घरेलू गैस का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें। साथ ही गैस एजेंसियों को कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने गैस वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए। वहीं होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल गैस की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की सलाह दी गई है।
कलेक्टर ने नागरिकों से कहा है कि गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक बुकिंग करने से बचें। घरेलू सिलेंडरों का विवेकपूर्ण उपयोग करें ताकि वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों, जिला आपूर्ति अधिकारी और गैस वितरकों को निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं कालाबाजारी या अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को गैस गोदामों तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को यह भी निर्देशित किया है कि गैस वितरण से संबंधित सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए और गैस वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन गैस वितरण और उपलब्ध भंडार की जानकारी संधारित की जाए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है। घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी वितरण व्यवस्था में कुछ अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं। इसके तहत पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग स्वीकार की जा रही है, ताकि कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
कलेक्टर के निर्देशों के पालन में खाद्य विभाग के अधिकारी गैस गोदामों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।













