भारतीय सांस्कृतिक संगम कार्यक्रम में दिखी देश की विविध सांस्कृतिक झलक

सिंगरौली’- बीते दिनों त्रयम्बकेश स्मृति न्यास ट्रस्ट, सिंगरौली द्वारा मातृभाषा मंच जिला सिंगरौली के तत्वाधान में भारतीय सांस्कृतिक संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दुद्धिचुआ (जयंत) स्थित सूर्यकिरण भवन में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक Pushpraj Singh उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि अनेक संस्कृतियों, भाषाओं, परंपराओं और कला रूपों का संगम है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक हर राज्य अपनी विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक गरिमा लिए हुए है। मातृभाषा मंच द्वारा इन विविधताओं को एक मंच पर लाने का यह प्रयास सराहनीय और प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों और प्रतिभागियों ने अपने-अपने प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय ट्रस्ट के सचिव राजेंद्र गोयल ने कराया, जबकि अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नागेंद्र बहादुर सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के अध्यक्ष ने विभिन्न राज्यों से परिवार सहित पहुंचे सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् गीत के साथ किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों के लिए सहभोज की व्यवस्था भी की गई थी।इस आयोजन में प्रदर्शनी, साहित्य विक्रय केंद्र तथा मैदान में बनाए गए अखंड भारत के नक्शे ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम की जानकारी ट्रस्ट के सचिव द्वारा दी गई।













