परसौना व्यापार संघ की बैठक में बाजार व्यवस्था पर चर्चा, नई कार्यकारिणी का गठन

सिंगरौली- परसौना में रविवार 15 मार्च को सुबह 11 बजे व्यापार संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनोज कुमार दुबे ने की। बैठक में बाजार व्यवस्था, अवैध वसूली और व्यापारियों की समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाजार के ठेकेदार द्वारा की जा रही अवैध वसूली पर रोक लगाई जाए। साथ ही यह भी तय किया गया कि जो व्यापारी अपने घर या दुकान के सामने दुकान लगाते हैं, उनसे किसी प्रकार की वसूली नहीं की जाएगी। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बाजार के दिन ठेला या गुमटी से केवल 10 रुपये ही वसूले जाएं।
इसके अलावा सब्जी विक्रेताओं के लिए भी शुल्क तय किया गया, जिसमें थोक व्यापारियों से 20 रुपये और अपने खेत की सब्जी बेचने वाले किसानों से 10 रुपये लिए जाएंगे। ग्राम पंचायत द्वारा बाजार से मिलने वाली राशि का 50 प्रतिशत बाजार के विकास कार्यों में खर्च करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में व्यापार संघ की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें गोमती प्रसाद को संरक्षक बनाया गया, जबकि सुरेश अग्रहरी, दिलीप कुमार केशरी, नंद लाल वर्मा, मनीष जायसवाल और बसंत लाल गुप्ता को उपाध्यक्ष चुना गया।
वहीं पंचराज केशरी, मंजेश केशरी, रोहित केशरी, सत्यनारायण जायसवाल, जगदीश केशरी, डॉ. सत्येन्द्र विश्वकर्मा, रमेश कुमार शाह और शिवानंद प्रजापति को महामंत्री बनाया गया।इस दौरान प्रहलाद शाह को सचिव, राजाराम यादव को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी पंकज केशरी और विनय कुमार चौधरी को सौंपी गई।बैठक में संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों और करीब सौ व्यापारियों की उपस्थिति रही।













