एचएमएस का त्रैवार्षिक अधिवेशन 19–20 मार्च को, 18 को हरभजन सिंह सिद्दू का भव्य स्वागत

सिंगरौली- हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) से संबद्ध कोयला श्रमिक सभा का त्रैवार्षिक अधिवेशन एनसीएल सिंगरौली क्षेत्र में 19 और 20 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हिंद खदान मजदूर फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक भी होगी, जिसमें देशभर से संगठन के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 18 मार्च को होगी, जब एचएमएस के राष्ट्रीय महामंत्री हरभजन सिंह सिद्दू सिंगरौली पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए ककरी से खड़िया परियोजना तक गाड़ियों का काफिला निकाला जाएगा और जीएम गेट पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी अटल बिहारी और राजेश सिंह ने बताया कि 19 मार्च को निगाही स्थित आनंदम भवन में सुबह 10 बजे से राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी। वहीं 20 मार्च को स्व. उमरावमल पुरोहित स्मृति भवन में कोयला श्रमिक सभा का त्रैवार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
इस अधिवेशन में संगठन के विभिन्न पदों के लिए चुनाव भी कराए जाएंगे, जिससे नई कार्यकारिणी का गठन होगा। कार्यक्रम में मजदूर हितों, श्रमिक अधिकारों और संगठन की भावी रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
एचएमएस के खड़िया परियोजना संगठन मंत्री सत्यम राय ने बताया कि अधिवेशन में देशभर से आए प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मजदूरों से जुड़े अहम मुद्दों पर निर्णय लिए जाएंगे। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष बी.एन. सिंह और महामंत्री अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि यह अधिवेशन मजदूरों की एकजुटता और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री हरभजन सिंह सिद्दू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिव कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।













