अफवाह बनी बवाल की वजह: अडानी पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद हंगामा, तोड़फोड़ व काम ठप

सिंगरौली। बंधौरा स्थित पावर प्लांट में एक मजदूर की मौत के बाद फैली अफवाह ने शनिवार को बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों मजदूर आक्रोशित हो गए और प्लांट परिसर में तोड़फोड़ व हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार झारखंड के गढ़वा निवासी मजदूर लल्लन सिंह की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथियों के अनुसार रात करीब 11 बजे उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
शनिवार सुबह प्लांट में यह अफवाह फैल गई कि मजदूर की मौत ऊंचाई से गिरने से हुई है और प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। इसी बात को लेकर मजदूर भड़क उठे और करीब पांच घंटे तक हंगामा करते रहे। इस दौरान 10 से अधिक वाहनों में तोड़फोड़, 25 से ज्यादा एसी तोड़ने और एक कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई।
मौके पर पहुंचे एसडीएम नंदन तिवारी और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना की वीडियोग्राफी कर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
घटना के बाद मजदूरों में असंतोष का माहौल है। रविवार तक 400 से अधिक मजदूर काम छोड़कर अपने गांव लौट गए, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने मजदूरों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्याओं पर प्रबंधन से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।













