मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी ढेर, एक पुलिसकर्मी शहीद

मोतिहारी। मोतिहारी जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित अपराधियों को मार गिराया गया, जबकि इस कार्रवाई में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। घटना पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मारे गए अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिली थी कि कुंदन ठाकुर अपने साथियों के साथ हथियारों के साथ एक घर में छिपा हुआ है। इसी आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों अपराधियों को ढेर कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने उज्जवल कुमार और संत कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें एक कार्बाइन, दो पिस्टल, दो कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और 17 खोखा शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुंदन ठाकुर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ चकिया, राजेपुर और नगर थाना में कई मामले दर्ज थे। बताया गया कि मुठभेड़ से एक दिन पहले ही चकिया थाना के अपर थाना प्रभारी गौरव कुमार को नेपाल नंबर से धमकी भरा फोन आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को कुंदन ठाकुर बताया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।













