ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

लोकसभा में रेल बजट चर्चा के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उठाईं क्षेत्रीय मांगें

सिंगरौली- सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों (2026) पर चर्चा के दौरान क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठाए।
उन्होंने देश में हो रहे अधोसंरचनात्मक विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। साथ ही सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र से भोपाल के लिए नियमित रेल सेवा शुरू किए जाने पर विशेष धन्यवाद दिया।

सांसद ने सिंगरौली, सीधी और ब्यौहारी क्षेत्र की कई प्रमुख मांगें सदन में रखीं। इनमें मड़वास स्टेशन को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित करना, शंकरपुर-भदौरा स्टेशन का उन्नयन, विजयसोता–ब्यौहारी के बीच छुही ग्राम में आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) का निर्माण तथा विजयसोता स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने गजराबहरा और सरई में आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) निर्माण, सिंगरौली–निजामुद्दीन ट्रेन का नियमितीकरण, सिंगरौली से इंदौर और प्रयागराज के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा सीधी–शहडोल नई रेल लाइन के सर्वे की मांग भी रखी।
सांसद ने ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना से प्रभावित युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए महुआ आधारित उत्पादों को रेलवे आहार में शामिल करने और आजीविका मिशन के उत्पादों की खरीद सुनिश्चित करने की बात कही।अंत में सांसद डॉ. मिश्रा ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

Author

Related Articles

Back to top button